
परिवार में छोटे से बड़े, हर व्यक्ति की जरूरत और सेहत का ख्याल रखने वाली महिलाओं के बारे में अकसर कहा जाता है कि बात जब खुद उनकी अपनी सेहत की आती है तो वो कई बार लापरवाह हो जाती हैं। ऐसा कई बार वो थकान की वजह से करती हैं तो कई बार अनजाने में ऐसा होता है। आजकल बिगड़ी हुई लाइफस्टाइल की वजह से लोगों को कई तरह के रोग घेर रहे हैं। जिसमें हार्ट अटैक की बीमारी बेहद कॉमन है। महिलाओं में तो यह रोग मृत्यु का एक प्रमुख कारण बना हुआ है। बावजूद इसके कई लोग इसे मुख्य रूप से पुरुषों की समस्या मानते हैं। हालांकि कई बार इसी गलत धारणा की वजह से महिलाओं के उपचार में देरी तक हो जाती है। दरअसल, महिलाओं में हार्ट अटैक के लक्षण पुरुषों से अलग हो सकते हैं, जिसके कारण अक्सर इस रोग का समय पर निदान नहीं हो पाता है। पुरुषों में आमतौर पर सीने में तेज दर्द हार्ट अटैक का प्रमुख लक्षण होता है, लेकिन महिलाओं में लक्षण सूक्ष्म और असामान्य हो सकते हैं। ऐसे में यह जानना जरूरी हो जाता है कि महिलाओं के हार्ट अटैक के लक्षण पुरुषों से कैसे अलग होते हैं।
सीने में हल्का दबाव या असहजता
पुरुषों के हार्ट अटैक के लक्षण में सीने में तेज, जलन भरा दर्द आम समस्या है, जबकि महिलाओं को सीने में हल्का दबाव, भारीपन, या असहजता महसूस हो सकती है, जो दर्द जैसा महसूस नहीं होता है।
थकान और कमजोरी
महिलाओं में हार्ट अटैक से पहले या दौरान अत्यधिक थकान या असामान्य कमजोरी महसूस हो सकती है, जो सामान्य थकान से अलग होती है। महिलाएं बिना मेहनत किए भी अचानक बहुत थका हुआ या शरीर में ऊर्जा की कमी महसूस करने लगती हैं। यह हृदय संबंधी समस्याओं का प्रारंभिक संकेत हो सकता है।
सांस लेने में तकलीफ
महिलाओं को बिना सीने में दर्द महसूस हुए और बिना किसी स्पष्ट कारण के सांस लेने में कठिनाई या हांफने जैसी स्थिति का अनुभव हो सकता है। यह लक्षण अकसर संकेत देते हैं कि हृदय प्रभावी ढंग से पंप नहीं कर रहा है।
पेट में असहजता या अपच जैसा अनुभव
महिलाओं में हार्ट अटैक के लक्षण में पेट की गड़बड़ी, अपच, या मतली जैसा महसूस हो सकता है, जिन्हें अक्सर गैस या पेट की समस्या समझ लिया जाता है। इन लक्षणों को अकसर फ्लू या अपच समझकर गलत निदान हो सकता है, जिससे उपचार में देरी हो सकती है।
जबड़े, गर्दन, या पीठ में दर्द
महिलाओं को सीने की जगह जबड़े, गर्दन, कंधों, या ऊपरी पीठ में असामान्य दर्द या असहजता महसूस हो सकती है। इसमें जबड़े में दर्द जो कानों तक जाता हो या पीठ में अकड़न महसूस हो सकती है। यह दर्द हल्का हो सकता है और इसे दांतों की समस्या या मांसपेशियों में खिंचाव समझ लिया जा सकता है। हालांकि, यह दिल के दौरे का संकेत भी हो सकता है, खासकर तब जब इसके साथ अन्य लक्षण भी शामिल हों।
चक्कर आना या बेहोशी
महिलाओं को हार्ट अटैक के दौरान चक्कर आना, सिर हल्का होना, या बेहोशी जैसा अनुभव हो सकता है, पुरुषों में ये लक्षण कम देखने को मिलते हैं। इस तरह के लक्षण में अचानक कमजोरी के साथ सिर घूमने लगता है।
हाथ या कंधों में दर्द
पुरुषों में आमतौर पर बाएं हाथ में दर्द होता है, लेकिन महिलाओं को दोनों हाथों, कंधों, या ऊपरी बांह में असहजता महसूस हो सकती है। इस तरह के लक्षण में महिला को बांहों में भारीपन या झुनझुनी महसूस हो सकती है।