बिग बॉस 19 का शनिवार का वीकेंड का वार धमाकेदार रहा। सलमान खान अपने ही अंदाज में फरहाना भट्ट और तान्या मित्तल को फटकार लगाते नजर आए। वहीं एक्टर ने गौरव खन्ना, प्रणित मोरे की तारीफ भी की। सलमान से मिले सपोर्ट के बाद गौरव इमोशनल हो गए और उनके आंखों में आंसू थे। गौरव को मिले सलमान के सपोर्ट के बाद से फैंस खुश हैं और इस बार दबंग खान को बायस्ड नहीं कहा जा रहा है। सोशल मीडिया पर सलमान को असली स्टार बताया जा रहा है।
सलमान ने गौरव को बताया स्टार
दरअसल, हाल में घर में कैप्टेंसी टास्क परफॉर्म किया गया था। इस टास्क के दौरान फरहाना ने गौरव खन्ना को सस्ता टीवी स्टार बताया था। साथ ही ये भी कहा था कि वो गौरव खन्ना को जानती नहीं हैं, उन्होंने कभी उन्हें टीवी पर नहीं देखा है। साथ ही ये भी कहा कि वो कभी टीवी पर काम नहीं करेंगी। इसके जवाब में सलमान ने कहा कि गौरव बड़े स्टार हैं। पिछले 20 सालों से वो मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने 18-18 घंटे काम किया है। वो खुद भी गौरव के काम को देख चुके हैं और उनकी मां भी उन्हें देखती हैं। गौरव टीवी के स्टार हैं और ये बात उन्हें किसी को साबित करने की जरूरत नहीं है। सलमान ने आगे ये भी कहा कि गौरव ने शालीनता और गरिमा के साथ उस स्थिति का सामना किया जब फरहाना उन्हें परेशान कर रही थी। वो खुद भी अगर घर में होते तो इस तरह से स्थिति संभाल नहीं पाते।
गौरव की आंखों में आ गए आंसू
सलमान से अपने लिए ऐसे शब्द सुन गौरव की आंखों में आंसू आ गए। साथी कंटेस्टेंट ने उनके लिए तालियां बजाई। उन्होंने सभी का शुक्रिया किया। गौरव के लिए तारीफ सुन उनके फैंस खुश हैं। उन्हें सपोर्ट कर रहे हैं। सलमान खान की तारीफ कर रहे हैं कि इस बार उन्होंने फरहाना के खिलाफ सही स्टैंड लिया।

