: उत्तर भारत में मौसम में बदलाव आने वाला है। यूपी के पश्चिमी इलाके में कल यानी कि 23 जनवरी को बारिश व ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। ऐसे में ठंड कुछ समय के लिए बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने बताया है कि एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से 22 और 23 जनवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि, बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश, बर्फबारी होने की संभावना है। इसी दौरान उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में भी कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। एक और तेज वेस्टर्न डिस्टर्बेंस 26-28 जनवरी तक उत्तर भारत को प्रभावित कर सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, 22 और 23 जनवरी को जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में काफी व्यापक बारिश व बर्फबारी होने वाली है। 22 और 23 जनवरी को पंजाब में काफी व्यापक से लेकर मध्यम बारिश होगी। साथ ही 22 और 23 जनवरी को हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान में और 23 और 24 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश में छिटपुट/बिखरी हुई हल्की से मध्यम बारिश होगी। इसके अलावा, 22 व 23 जनवरी को जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, राजस्थान में और 23 जनवरी को उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में बिजली कड़कने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ आंधी तूफान आने की संभावना है।
इसकी रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 22 और 23 जनवरी को कश्मीर घाटी में और 23 जनवरी को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाके में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश व बर्फबारी व 23 जनवरी को पंजाब में भारी बारिश होने वाली है। इसके अलावा, 23 जनवरी को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में और 22 व 23 जनवरी को जम्मू कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, उत्तरी राजस्थान में ओलावृष्टि होगी।

