यूपी दिवस समारोह का आज गृहमंत्री अमित शाह शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश की पांच शख्सियतों को उत्तर प्रदेश गौरव की उपाधि दी जाएगी। राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर मुख्य कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसके साथ ही देश-विदेश में भी कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन आयोजनों में प्रदेश की पर्यटन क्षमता और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी। प्रेरणा स्थल पर होने वाले कार्यक्रमों को देखते हुए राजधानी लखनऊ के 11 मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा।
राज्यपाल आनंदीबेन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की मौजूदगी में होने वाले कार्यक्रम में गृहमंत्री शाह एक जिला-एक व्यंजन योजना का भी शुभारंभ करेंगे। राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर हर जिले के विशिष्ट व्यंजन प्रदर्शित भी होंगे। अमित शाह करीब 12 बजे चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा राष्ट्र प्रेरणा स्थल पहुंचेंगे। वहां कार्यक्रम में भाग लेने के बाद दोपहर लगभग तीन बजे वे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय बैठक के लिए जाएंगे।
डायवर्जन सुबह 8 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगा। इमरजेंसी होने पर प्रतिबंधित मार्ग से एंबुलेंस, शव वाहन, दमकल के वाहन व स्कूली वाहन गुजर सकेंगे। इसके लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं। मलिहाबाद चौराहा से वाहन बाजनगर किसानपथ, छंदोईया के बजाए जीरो प्वाइंट मोहान रोड होकर जाएंगे।
इसी तरह मुजासा तिराहा से वाहन बाजनगर किसानपथ, छंदोईया के बजाए जीरो प्वाइंट मोहान रोड होकर गुजर सकेंगे। वहीं बाजनगर किसानपथ अंडरपास से कॉमर्शल छंदोईया बाईपास तिराहा के बजाए बाजनगर किसानपथ अंडरपास से किसानपथ होकर जाएंगे। कसमंडी अंडरपास से वाहन अंधे की चौकी तिराहा के बजाए किसानपथ होकर जाएंगे। छंदोईया बाईपास तिराहा से वाहन किसानपथ अंडरपास से किसानपथ या दुबग्गा तिराहा होकर जाएंगे।
-तिकोनिया तिराहा से व्यावसायिक वाहन दुबग्गा तिराहा, छंदोईया बाईपास तिराहा के बजाए नहर तिराहा मोहान रोड, खुशहालगंज, किसानपथ अंडरपास से किसानपथ होकर जाएंगे।
भिठौली तिराहा से वाहन कार्यक्रम स्थल, छंदोईया बाईपास तिराहा के बजाए सैरपुर तिराहा, अस्ति क्रॉसिंग, बख्शी तालाब, इंदौराबाग, किसानपथ अंडरपास से किसानपथ या इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहा होकर जाएंगे।
-नया पक्कापुल तिराहा, कुड़ियाघाट तिराहा से वाहन कार्यक्रम स्थल, घैला तिराहा के बजाए रूमीगेट, कोनेश्वर चौराहा, बालागंज चौराहा, दुबग्गा होकर जाएंगे।
-दुबग्गा तिराहा से वाहन छंदोईया बाईपास तिराहा के बजाए तिकोनिया तिराहा होकर जाएंगे
मोहान रोड नहर तिराहा से वाहन बुद्धेश्वर चौराहा के बजाए जीरो प्वाइंट से किसानपथ होकर गुजरेंगे।
-अमौसी एयरपोर्ट वीआईपी मोड़ से वाहन अमौसी एयरपोर्ट के अंदर के बजाए वीआईपी मोड से अमौसी कॉमर्शियल मोड़ से बांए होकर जाएंगे।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश’ की थीम पर आयोजित समारोह के जरिए प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक कलाएं, विश्व विख्यात पर्यटन स्थलों को एक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। बौद्ध, जैन, रामायण, महाभारत सहित प्रदेश के सभी 12 पर्यटन सर्किटों से जुड़ी विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा।
सीएम योगी ने कहा कि श्री अयोध्या धाम की आस्था, मथुरा की महिमा और काशी की कल्याणकारी दिव्यता से सुशोभित विरासत और विकास की पुण्यभूमि उत्तर प्रदेश के 77वें स्थापना दिवस की सभी प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में देश का ग्रोथ इंजन ‘नया उत्तर प्रदेश’ आज ‘नए भारत’ की आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक प्रगति का पथ-प्रदर्शक बन गया है। आइए, हम सब मिलकर निवेश, नवाचार और संस्कार की इस भूमि को आत्मनिर्भरता के सर्वोच्च शिखर पर स्थापित करने का संकल्प लें।
बसंतकुंज योजना स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल में यूपी दिवस व गणतंत्र दिवस के दृष्टिगत प्रेरणा स्थल में तीन दिन प्रवेश शुल्क नहीं लगेगा। एलडीए उपाध्यक्षने शुक्रवार को इस सम्बंध में आदेश जारी कर दिए हैं। प्रेरणा स्थल का शुभारंभ पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था।
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि 24 जनवरी को यूपी दिवस पर राष्ट्र प्रेरणा स्थल में भव्य समारोह का आयोजन है। जिसमें बड़ी संख्या में लोग प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रेरणा स्थल में प्रवेश के लिए प्रति व्यक्ति 15 रुपये टिकट दर निर्धारित है, जोकि 01 जनवरी, 2026 से लागू है। 24 जनवरी से 26 जनवरी, 2026 तक राष्ट्र प्रेरणा स्थल में प्रवेश निःशुल्क है।

