चार नाबालिग दोस्तों ने काले रंग की थार खरीदने के लिए पड़ोसी के घर से 20 लाख रुपये चोरी कर लिए। हालांकि, वाहन खरीदने से पहले ही पुलिस ने शनिवार को इन्हें पकड़ लिया। आरोपियों से चोरी की गई पूरी रकम भी बरामद कर ली। थार खरीदने के लिए नाबालिगों द्वारा चोरी करने का जिले में यह पहला मामला है।
जेवर कोतवाली पुलिस के मुताबिक कस्बे के मोहल्ला बनी इसराइल में पार्श्व कुमार परिवार के साथ रहते हैं। पार्श्व ने बताया कि शुक्रवार सुबह परिवार के लोग किसी काम से घर से बाहर गए थे। रात करीब आठ बजे वह जिम के लिए निकल गया। रात करीब पौने दस बजे जब वह वापस लौटा तो चोरी की घटना का पता चला। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। जेवर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी और आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने घर से चोरी की गई रकम भी बरामद कर ली। पुलिस ने बताया कि चार नाबालिक लड़के दीवार फांदकर घर में घुसे और अलमारी में रखे बीस लाख रुपये चोरी कर फरार हो गए। चारों को पुलिस अभिरक्षा में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें काले रंग की थार खरीदनी थी, इसलिए चोरी की।
पीड़ित किसान ने पुलिस को बताया कि उन्हें अपना मकान बनवाना था। इसके लिए रुपये की जरूरत थी। इसके चलते उन्होंने अपना खेत बेचा। मकान बनाने का काम शुरू नहीं हुआ था, इस कारण रकम घर में ही अलमारी में रख दी। उन्हें नहीं पता था कि घर से रकम चोरी हो जाएगी। पीड़ित ने चोरी की घटना का खुलासा करने पर पुलिस का आभार व्यक्त किया है।
जेवर कोतवाली पुलिस ने शनिवार को पकड़े गए चारों नाबालिग दोस्तों को किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया। न्यायालय द्वारा सभी नाबालिग दोस्तों को अभिरक्षा में बाल सुधार गृह भेज दिया गया। नाबालिग आरोपियों पर किशोर न्याय बोर्ड में मुकदमा चलेगा।
पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पीड़ित के घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में पड़ोस में रहने वाला एक नाबालिग दिखाई दिया। उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई तो घटना का खुलासा हो गया। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वीडियो देकर नाबालिग आरोपियों को काली थार खरीदने का जुनून सवार हुआ।
पीड़ित ने बताया कि उन्होंने कुछ दिनों पहले अपना एक खेत बेचा था। खेत बेचकर मिली रकम को उन्होंने घर की अलमारी में रखा था। शुक्रवार को घर पर कोई नहीं था। इसी बीच चोरी हो गई। ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि थार खरीदने के लिए चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। जेवर कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना का खुलासा किया और पूरी रकम बरामद कर ली।

