सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पारी की बदौलत टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अमेरिका के खिलाफ 29 रनों से जीत दर्ज की। उन्होंने दबाव में कमाल की बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों में नाबाद 84 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और चार सिक्स शामिल हैं। एक समय भारत का स्कोर छह विकेट पर 77 रन था लेकिन सूर्या ने डटकर मोर्चा संभाला। भारत ने 161/9 का स्कोर खड़ा किया और अमेरिका को 132/8 पर रोका। सूर्या ने नेत्रवलकर द्वारा डाले गए 20वें ओवर में तूफानी तेवर दिखाते हुए 21 रन बटोरे। उन्होंने दो चौके और दो छक्के लगाए। सूर्यकुमार ने रोहित शर्मा का एक रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है।
दरअसल, सूर्या टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक ओवर में सबसे ज्यादा बार 20 या उससे अधिक रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। वह अभी तक सात बार यह कारनामा अंजाम दे चुके हैं। रोहित ने छह मर्तबा ऐसा किया। रोहित ने 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद T20I को अलविदा कह दिया था। लिस्ट में पूर्व धाकड़ ऑलराउंडर युवराज सिंह तीसरे पायदान पर हैं। उन्होंने अपने करियर में चार बार एक ओवर में 20 प्लस रन जुटाए। स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या, विकेटकीपर संजू सैमसन, रिंकू सिंह और ऋतुराज गायकवाड़ ने तीन बार 20+ रनों का कमाल किया है।
7 – सूर्यकुमार यादव
6 – रोहित शर्मा
4 – युवराज सिंह
3 – हार्दिक पांड्या
3 – संजू सैमसन
3 – रिंकू सिंह
3 – ऋतुराज गायकवाड़
2 – रवींद्र जडेजा
2 – अभिषेक शर्मा
2 – शिवम दुबे
2 – ईशान किशन
टॉस गंवाकर बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। अभिषेक शर्मा के गोल्डन डक का शिकार होने से भारत को पहला झटका लगा। शैडली वान शाल्कविक ने चार ओवर में 25 रन देकर चार शिकार किए, जिसमें तीन छठे ओवर में थे। ईशान किशन (20) ओवर की दूसरी गेंद पर सीधे मिडऑन पर मार बैठे। तिलक शर्मा (25) एक शॉर्ट गेंद को ठीक से टाइम नहीं कर पाए। शिवम दुबे छठी गेंद पूरी तरह चकमा खा गए और खाता भी नहीं खोल सके।
सूर्यकुमार को छोड़कर भारत का मशहूर बल्लेबाजी लाइन-अप पूरी तरह नाकाम रहा और एक समय टीम बहुत कम स्कोर पर सिमटने की ओर बढ़ती दिख रही थी। रिंकू सिंह (6) और हार्दिक पंड्या (5) दहाई अंक में नहीं पहुंचे। अक्षर पटेल ने 14 रनों का योगदान दिया। ऐसे में भारत को संकट से उबारने की पूरी जिम्मेदारी सूर्या पर आ गई। उन्होंने स्ट्राइक अपने पास रखी और अपने ट्रेडमार्क शॉट्स में शायद ही कोई चूक की। पिच की प्रकृति को पूरी तरह समझने वाले सूर्यकुमार आखिरी दो ओवरों में खुलकर खेले। इन दो ओवरों में उन्होंने कुल 34 रन बटोरे।

