उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के खागा थाना क्षेत्र की इस घटना की इलाके में खूब चर्चा हो रही है। यहां पालतू कुत्ते को पीटे जाने को लेकर शादी समारोह में बवाल के बाद दुल्हन ने अपनी शादी तोड़ दी थी। यहां तक कि दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे को दिए गए उपहार भी वापस कर दिए गए थे। इस मामले में अब नया मोड़ आ गया है। घटना के चार दिन बाद सोमवार को दुल्हन एक बार फिर दूल्हे के पास लौट आई। अपने घर से निकलकर दूल्हे के पास पहुंची दुल्हन ने साथ रहने और उम्र भर साथ निभाने की बात कही। यही नहीं उसने वीडियो बनाकर इसका इजहार किया और परिवार पर आरोप लगाया कि उनके दबाव में आकर उसने शादी तोड़ने का फैसला लिया था।
दुल्हन ने कहा कि उसकी शादी हो चुकी है। अब वह अपने पति के साथ ही रहेगी। उसने कहा कि उसे परेशान न किया जाए। लड़की का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल है। हालांकि ‘लाइव हिन्दुस्तान’ वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। खागा कस्बा निवासी सुमित केशरवानी की शादी बीते 18 फरवरी को प्रयागराज की तनु के साथ कस्बे के ही एक गेस्ट हाउस से हो रही थी। जयमाल और अन्य रस्में पूरी हो चुकी थीं। इसी दौरान दुल्हन का पालतू कुत्ता वहां भौंकने लगा। आरोप है कि वर पक्ष के एक लड़के ने कुत्ते को पीट दिया। इसी बात को लेकर शादी समारोह में माहौल बिगड़ गया। वहां विवाद शुरू हो गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर झगड़ा हुआ था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुत्ता दुल्हन पक्ष का था जिसके भौंकने पर एक बाराती ने लात मार दी थी। इसी बात पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई थी। दुल्हन ने भी नाराज होकर शादी तोड़ने की बात कही थी। सुलह समझौते की बात देर सुबह तक चलती रही, लेकिन बात नहीं बनी थी। दूल्हे सुमित ने दावा किया कि उसने तनु के साथ जनवरी महीने में ही आर्य समाज के रीति-रिवाज से शादी कर ली थी। उसके परिजन शादी करने की बात कह कर उसको लिवा ले गए थे। तय तारीख 18 फरवरी को धूम धाम से बारात निकाली गई थी। इसी दौरान विवाद हो गया था।

