इंडियन प्रीमियर लीग के इस सीजन में अगर कुछ खिलाड़ियों पर सबकी नजर रहने वाली है, उनमें वैभव सूर्यवंशी को शायद सबसे ऊपर रखा जा सकता है। पिछले सीजन में महज 14 साल की उम्र में उन्होंने राजस्थान रॉयल्स की ओर से आईपीएल डेब्यू करके इतिहास रचा था। फिर सिर्फ 35 गेंद में तूफानी शतक जड़कर ये लड़का आईपीएल इतिहास में सबसे तेज सेंचुरी जड़ने वाला भारतीय बन गया। पिछले सीजन में तो उसने दस्तक दी थी, आईपीएल 2026 में तो वह शुरुआत से ही राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा रहने वाले हैं। राइजिंग स्टार एशिया कप में उनकी कप्तानी करने वाले जीतेश शर्मा ने वैभव सूर्यवंशी को ‘छोटा हल्क’ करार दिया है। एक ऐसा बल्लेबाज जो गेंदबाजों के लिए बुरे सपने जैसा हो। गेंदबाज डरते हैं कि अगर उसका स्ट्रेट शॉट उन्हें लग गया तो कोई अनहोनी तक हो सकती है।

