चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत आईपीएल 2026 में लगातार तीन हार के साथ हुई। हालांकि, अब लगातार दो जीत सीएसके को मिल गई हैं। इससे कप्तान रुतुराज गायकवाड़ थोड़ी राहत महसूस कर रहे होंगे, लेकिन सबसे बड़ा सुकून उन्हें इस बात से मिल रहा होगा कि चेन्नई सुपर किंग्स का नूर लौट आया है। ये नूर कोई और नहीं, बल्कि अफगानिस्तान के स्पिनर नूर अहमद हैं, जो अभी तक आउट ऑफ फॉर्म थे।
आईपीएल के 19वें सीजन में लगातार तीन मैच चेन्नई की टीम हारी। उन तीनों मैचों में नूर अहमद को एक भी विकेट नहीं मिला, जो कि चेन्नई के लिए चिंता का विषय था, क्योंकि वे इस समय चेन्नई सुपर किंग्स के सबसे बड़े विकेट टेकर हैं। पिछले साल वे चेन्नई के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। यहां तक कि पर्पल कैप की लिस्ट में भी दूसरे नंबर पर 24 विकेटों के साथ थे। प्रसिद्ध कृष्णा ने 25 विकेट लेकर उन्हें पीछे छोड़ा था।
हालांकि, अच्छी खबर ये है कि नूर अहमद फॉर्म में लौट आए हैं। पिछले मैच में उन्होंने एक सफलता हासिल की थी, जो कि दिल्ली कैपिटल्स के खतरनाक फिनिशर आशुतोष शर्मा की थी। वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ नूर अहमद ने एक के बाद एक कुल तीन शिकार किए। रन भी सिर्फ 21 खर्च किए। केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे, रिंकू सिंह और कैमरोन ग्रीन को चलता किया था।
नूर अहमद ने दिखा दिया कि वे अपनी अफगानी ताकत यानी स्पिन के जादू से हर किसी को धराशायी कर सकते हैं। अगर ये खिलाड़ी आगे भी फॉर्म में रहा तो फिर चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आगे की राह आसान हो जाएगी। चेन्नई के लिए अच्छी खबर ये भी है कि संजू सैमसन भी फॉर्म में लौट आए हैं, जबकि डेवाल्ड ब्रेविस की वापसी हो चुकी है। एमएस धोनी के भी लौटने की खबर है।
चेन्नई सुपर किंग्स अपने टॉप खिलाड़ियों के फॉर्म में आने और चोटिल खिलाड़ियों की वापसी के बाद खतरनाक दिखाई पड़ेगी। हालांकि, कप्तान रुतुराज गायकवाड़ की फॉर्म थोड़ी सी चिंता का कारण बनी हुई है, जो रनों के लिए तरस रहे हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर इस सीजन 28 है। स्ट्राइक रेट भी उनका बहुत घटिया अब तक रहा है। इस सीजन टीम पांच मैच खेल चुकी है। आईपीएल 2026 की पॉइंट्स टेबल में चेन्नई सुपर किंग्स 8वें स्थान पर है। कोलकाता के खिलाफ मैच से पहले सीएसके 9वें स्थान पर थी। लगातार दो मैचों में जीत का फायदा उन्हें मिला है।

