भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल में आजादी के बाद पहली बार सरकार बनाने जा रही है। सोमवार को घोषित नतीजों में पार्टी ने 206 सीटों पर बड़ी जीत हासिल की है। इसी बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का एक पुराना वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तरफ से पूछे गए सवाल को याद कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि 12 सालों के बाद अब शाह का वादा पूरा हुआ है।
वीडियो 1 दिसंबर 2014 का है। उस समय शाह कोलकाता के धर्मताल में एक रैली को संबोधित कर रहे थे। तब उन्होंने कहा था, ‘मित्रों, कुछ दिन पहले, यह रैली की जब बात चलती थी। तब ममता जी ने मीडिया के सामने एक छोटा सा सवाल पूछा था कि अमित शाह कौन है। ऐसा पूछा था। दीदी, अगर आप देख सकती हैं तो देख लीजिए। सुन सकती हैं तो सुन लीजिए। मैं अमित शाह हूं। मैं भारतीय जनता पार्टी का एक छोटा सा कार्यकर्ता हूं। मैं अमित शाह हूं। इस बंगाल की भूमि से तृणमूल को उखाड़ने के लिए आया हूं, वो आप समझ लीजिए।’
साल 1982 में भाजपा का बंगाल में वोट शेयर सिर्फ 0.58 फीसदी पर था, जो 1991 में बढ़कर 11.34 प्रतिशत पर पहुंचा। हालांकि, पार्टी तब तक एक भी सीट नहीं जीत सकी थी। इसके बाद 1996 में वोट शेयर गिरा और सिलसिला 2001 तक भी जारी रहा। अंत में 2006 में यह घटकर 1.93 प्रतिशत पर आ गया था।
2016 का पहला मौका था, जब भाजपा वोट शेयर को 3 सीटों में तब्दील कर सकी। इसके बाद 2021 में पार्टी ने आक्रामक प्रचार किया, लेकिन नतीजों में महज 77 सीटों पर ही सिमट कर रही गई थी। 2011 में पश्चिम बंगाल में सरकार हासिल करने वाली टीएमसी कि विजय रथ जारी रहा। हालांकि, 2026 में इस पर ब्रेक लगा और भाजपा 200 से ज्यादा सीटें जीतने में सफल रही।
मंगलवार को पश्चिम बंगाल भाजपा प्रमुख शमिक भट्टाचार्य ने बताया है कि 9 मई को मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह होगा। हालांकि, भाजपा ने यह साफ नहीं किया है कि मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी किसे दी जाएगी। दौड़ में ममता बनर्जी को हराने वाले शुभेंदु अधिकारी, भट्टाचार्य, दिलीप घोष समेत कुछ नेताओं के नाम हैं। हालांकि, अब तक किसी नाम पर अंतिम मुहर नहीं लग सकी है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सोमवार को 206 सीट जीतकर दो-तिहाई से अधिक बहुमत हासिल करते हुए इतिहास रच दिया और तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत कर दिया। भाजपा ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के पारंपरिक गढ़ों में सेंध लगाई और शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में अपना जनाधार बढ़ाया। इस जीत के साथ, भाजपा राज्य में पहली बार सरकार बनाएगी।
294 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 148 है। हालांकि, फाल्टा में मतदान रद्द होने के कारण 293 निर्वाचन क्षेत्रों के मतों की गिनती हुई और इस वजह से फिलहाल बहुमत का आंकड़ा 147 है।

