वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में काफी समय के बाद कुछ बड़े देशों के बीच ट्राई सीरीज यानी त्रिकोणीय श्रृंखला शुरू होने जा रही है। पाकिस्तान, इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच इस साल के आखिर में वनडे ट्राई सीरीज खेली जा सकती है। पाकिस्तान, इग्लैंड और श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ट्राई-नेशन सीरीज को लेकर लगभग एकमत हो गए हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो इसी साल अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में इसका आयोजन हो सकता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस त्रिकोणीय सीरीज के लिए जगहें फाइनल की जा रही हैं, जिसके बाद शेड्यूल को संबंधित क्रिकेट बोर्ड के साथ शेयर किया जाएगा और आपसी सलाह के बाद एक ऑफिशियल अनाउंसमेंट की जाएगी। इसके अलावा श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के पाकिस्तान दौरे के दौरान दो टेस्ट और तीन T20 मैच भी शेड्यूल किए जाने की संभावना है। पाकिस्तान इस त्रिकोणीय सीरीज की मेजबानी कर सकता है।
आमतौर पर वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में ट्राई सीरीज अब देखने को नहीं मिलती है, क्योंकि क्रिकेट का कैलेंडर बहुत ज्यादा व्यस्त नजर आता है। तीन देशों का एक ही समय पर फ्री होना बहुत मुश्किल होता है। हालांकि, करीब 15 साल पहले तक त्रिकोणीय सीरीज का खूब चलन था, लेकिन अब इक्का-दुक्का ही वनडे ट्राई सीरीज देखने को मिलती हैं।
इसके अलावा पाकिस्तान के दौरे पर ऑस्ट्रेलिया की टीम भी इस महीने आने वाली है। 3 मैचों की वनडे सीरीज के शेड्यूल का ऐलान हो गया है। 30 मई को पहला वनडे खेला जाएगा, जबकि 2 जून को दूसरा और 4 जून को तीसरा वनडे इंटरनेशनल मैच आयोजित होगा। पहला मुकाबला पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच रावलपिंडी में, जबकि बाकी के दोनों मैच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में आयोजित होंगे। इन मैचों के दौरान क्या फैंस को स्टेडियम में जाने की अनुमति होगी? ये देखना भी दिलचस्प होगा, क्योंकि पीएसएल के लीग फेज के सभी मैच बंद दरवाजों के पीछे हुए थे।
ऑस्ट्रेलिया की टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के अपने तीनों ग्रुप स्टेज के मैच भी पाकिस्तान में खेले थे। हालांकि, उनमें से दो मैच बारिश की वजह से रद्द हो गए थे। यह सीरीज IPL के खत्म होने के आसपास शुरू होने वाली है। यही कारण है कि वनडे टीम के कप्तान पैट कमिंस समेत कई सीनियर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी इस सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं होंगे, क्योंकि आईपीएल 31 मई तक चलने वाला है। एक नई टीम पाकिस्तान जा सकती है। पिछले साल अक्टूबर में भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज के बाद यह ऑस्ट्रेलिया की टीम का पहला ODI असाइनमेंट होगा।

