तमिलनाडु के नए नवेले मुख्यमंत्री विजय थलापति अब धीरे-धीरे अपनी टीम का गठन कर रहे हैं। इसमें सबसे खास नाम ज्योतिषी राधान पंडित का है, जिन्हें मुख्यमंत्री का ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) बनाया गया है। मंत्रालय की तरफ से जारी आदेश में उनकी नियुक्ति का ऐलान किया गया है। बता दें, राधान पंडित ने विजय और उनकी पार्टी की सुनामी जीत की भविष्यवाणी पहले ही कर दी थी। इतना ही नहीं जब राज्यपाल द्वारा विजय के सरकार बनाने के दावे को बार-बार खारिज किया जा रहा था, उस वक्त भी राधान पंडित ने ही उन्हें सलाह दी थी। इसके बाद विजय ने राज्यपाल के पास जाकर सरकार बनाने का दावा पेश किया और उन्हें सफलता मिली।
राधान पंडित 4 मई को उस वक्त चर्चा का केंद्र बन गए थे, जब वह विजय की ऐतिहासिक जीत के संकेतों के बीच सबसे पहले टीवीके चीफ के चेन्नई स्थित घर पहुंचे थे। विजय और उनके बीच की तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थीं। नई नवेली पार्टी बनाकर पहली बार चुनावी मैदान में उतरे विजय को लेकर विशेषज्ञ संशय की स्थिति में थे। उसी वक्त राधान पंडित ने विजय की कुंडली को खास बताते हुए पहले ही उनकी जीत का ऐलान कर दिया था। इतना ही नहीं, उन्होंने विजय की पार्टी के भी सुनहरे भविष्य का ऐलान किया था।
राधान पंडित को वैदिक ज्योतिष और अंकशास्त्र का विशेषज्ञ माना जाता जाता है। उन्हें अपने क्षेत्र में करीब 40 वर्ष का अनुभव है। तमिलनाडु की राजनीति में ज्योतिषाचार्य राधान पंडित का सफर विजय थलापति के साथ शुरू नहीं होता है। तमिलनाडु की राजनीति पर करीबी नजर रखने वालों का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता अक्सर बड़े फैसले वेट्टिवेल (राधान पंडित) से सलाह लेने के बाद ही करती थीं। इतना ही नहीं दशकों अनुभव रखने वाले ज्योतिषाचार्य राधान पंडित अभी सोशल मीडिया पर भी लोगों को ज्योतिष संबंधी सलाह देते हैं।
गौरतलब है कि एक ज्योतिषी राधान पंडित को मुख्यमंत्री का स्पेशल ऑफिसर बनाने का समय बहुत खास है। मुख्यमंत्री विजय के सामने विधानसभा नेता विपक्ष ने सनातन को खत्म करने की बात दोहराई है। उन्होंने संसद में सीएम विजय के सामने अपने भाषण के बाद इस बात को दोहराया कि ‘लोगों को बांटने वाले सनातन को खत्म करना होगा।’ पिछली बार जब उदयानिधि ने इस तरह की बात की थी, तो उस पर पूरे देश में विरोध उठा था। ऐसे में सीएमओ में एक ज्योतिषी को नियुक्त करना अलग संदेश देता है।

