एयरटेल के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर सुनील भारती मित्तल ने कंपनी की कमान अगली पीढ़ी को सौंपने की योजना बना ली है। सुनील भारती मित्तल ने अपनी उत्तराधिकार योजनाओं का खुलासा करते हुए कहा कि वह अगले दस सालों में अगली पीढ़ी को कंपनी की कमान सौंप देंगे। CNBC TV-18 के अनुसार, मित्तल ने कंपनी की कॉन्फ्रेंस कॉल में ये बात कही। उन्होंने कहा- मैं अगले 10 सालों में कंपनी की कमान अगली पीढ़ी को सौंपना चाहता हूं।
उन्होंने आगे बताया कि पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध का इस बड़ी टेलीकॉम कंपनी के कारोबार पर असर पड़ा है। सुनील मित्तल का ये बयान इसलिए भी अहम है क्योंकि मुकेश अंबानी ने प्रतिद्वंदी रिलायंस जियो की कमान नई पीढ़ी को पहले ही सौंप दी है।
हाल ही में जियो प्लेटफॉर्म्स ने अरबपति मुकेश अंबानी के बड़े बेटे आकाश को कंपनी का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया है। जियो प्लेटफॉर्म्स ने बताया कि आकाश अंबानी को नौ अप्रैल 2026 से प्रभावी पांच वर्ष की अवधि के लिए कंपनी का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। आकाश अंबानी अक्टूबर 2014 से जियो प्लेटफॉर्म्स की दूरसंचार इकाई रिलायंस जियो इन्फोकॉम (आरजेआईएल) के निदेशक मंडल में शामिल हैं।
जून 2022 में उन्हें आरजेआईएल का चेयरमैन बनाया गया था। उनके कार्यकाल के दौरान कंपनी ने 2016 में सेवा शुरू होने के छह महीने से भी कम समय में 10 करोड़ ग्राहकों का आंकड़ा पार किया। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 में 30,000 करोड़ रुपये से अधिक का लाभ और 1.46 लाख करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज किया था।
इस बीच, भारती एयरटेल के संस्थापक सुनील भारती मित्तल को अगले पांच वर्षों के लिए फिर से निदेशक मंडल का चेयरमैन नियुक्त कर दिया गया है। एयरटेल ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि मित्तल का नया कार्यकाल एक अक्टूबर, 2026 से 30 सितंबर, 2031 तक होगा। मानव संसाधन एवं नामांकन समिति की सिफारिश पर निदेशक मंडल ने मित्तल की पुनर्नियुक्ति को मंजूरी दी है, जो सदस्यों की स्वीकृति के अधीन होगी।
मित्तल का मौजूदा कार्यकाल 30 सितंबर को समाप्त होने वाला है। मित्तल ने 1976 में भारती समूह की स्थापना की थी, जो अब दूरसंचार, अंतरिक्ष संचार, डिजिटल अवसंरचना और वित्तीय सेवाओं सहित कई क्षेत्रों में सक्रिय है। इसके अलावा, निदेशक मंडल ने निशाबा गोदरेज को भी स्वतंत्र निदेशक के रूप में दूसरे कार्यकाल के लिए दोबारा नियुक्त करने को मंजूरी दी है। उनका कार्यकाल चार अगस्त, 2026 से तीन अगस्त, 2031 तक होगा।

