रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु यानी आरसीबी के हेड कोच एंडी फ्लावर ने इस बात को स्वीकार किया है कि सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ टीम की जीत की मंशा नहीं थी, बल्कि टॉप 2 का स्पॉट पक्का करने का प्लान था। जीत से भी उन्हें क्वालीफायर 1 का टिकट मिलता और एक निर्धारित रनों तक पहुंचने पर भी उनका टॉप 2 का टिकट पक्का था। ऐसे में आरसीबी ने उस खास रनों के बारे में सोचा। 255 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 55 रनों से आरसीबी को हार मिली, लेकिन नेट रन रेट अच्छा था। इसलिए आरसीबी को टॉप 2 का टिकट मिला, जबकि एसआरएच अब एलिमिनेटर में खेलेगी।
एंडी फ्लावर ने कहा कि पहली इनिंग के बाद कैंप में शुरुआती बातचीत 255 रन के टारगेट का पीछा करने की थी, लेकिन उन्होंने दूसरे हालात पर भी बात की थी। फ्लावर ने पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “हम 255 रन का पीछा करने की स्थिति में थे, लेकिन आखिरकार हमने अपना काम पूरा किया और लीग में टॉप पर रहे। जब आपके सामने ये अलग-अलग बातें हों, तो यह काफी मुश्किल स्थिति होती है। गेम जीतना और यह पक्का करना कि हम लीग में टॉप पर रहें।”
उन्होंने आगे बताया, “हमने अलग-अलग टारगेट पर बात की। मुझे लगता है कि टॉप दो में जगह बनाने के लिए हमें 166, लीग में टॉप पर रहने के लिए 179 और जाहिर है, गेम जीतने के लिए 255 रन चाहिए थे। मुझे लगा कि वेंकी (अय्यर) ने आगे शानदार बैटिंग करके हमें वह जोश दिलाया और फिर हम चाहते थे कि बैट्समैन गेम को समझें और तय करें कि वे 255 या 180 का स्कोर बनाना चाहते हैं।” आरसीबी ने अब क्वालीफायर 1 का टिकट कटाया है। टीम पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर रहेगी। रिकॉर्ड यह कहता है कि पिछले 15 में से 12 बार उस टीम ने खिताब जीता है, जो क्वालीफायर 1 जीती है।
फ्लावर ने कहा है कि पिच दूसरी पारी में धीमी हो गई थी और गेंद थोड़ी सी रुककर आ रही थी। बल्लेबाजी आसान नहीं थी। आरसीबी ने 200 से ज्यादा रन बना लिए थे। यह एक अच्छा संकेत है। आरसीबी का अब 26 मई को धर्मशाला में पहला क्वालीफायर गुजरात टाइटन्स के खिलाफ है। एसआरएच को 27 मई को एलिमिनेटर मैच में चौथे नंबर की टीम से भिड़ना होगा। क्वालीफायर 1 को हारने वाली टीम के क्वालीफायर 2 में एलिमिनेटर की विजेता टीम से भिड़ेगी, जो 29 मई को न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा।

