न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज केन विलियमसन ने 15 वर्ष से अधिक के सुनहरे करियर के बाद शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से विदा लेने की घोषणा की। इसके साथ ही न्यूजीलैंड क्रिकेट में तीनों प्रारूपों में एक युग का अंत हो गया। विलियमसन के इस फैसले पर भारत के दिग्गज विराट कोहली ने उन्हें खास संदेश दिया है।
विलियमसन ने 2025 में ही टी20 प्रारूप से संन्यास ले लिया था। विलियमसन ने न्यूजीलैंड क्रिकेट द्वारा जारी बयान में कहा कि मैंने इस पर काफी सोचा और पिछले कुछ दिन से लग रहा था कि यह सही समय है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लिए मेरे भीतर हमेशा मजबूत इच्छाशक्ति और ललक रही है और मुझे इस बात में गर्व है कि न्यूजीलैंड के लिए हर मैच में मैंने अपना सब कुछ दिया है।”
कोहली ने एक्स पर लिखा, “एक विपक्षी से दोस्त तक, आपको बल्लेबाजी करते हुए देखना और आपके खिलाफ प्रतिस्पर्धा करना शानदार अनुभव रहा, लेकिन इससे ज्यादा मैं अपनी दोस्ती, खेल को लेकर हमारी साझा सोच को अहमियत देता हूं। हम जब भी मिलेंगे और बात करेंगे मैं उसका लुत्फ उठाउंगा। आपको हमेशा सर्वश्रेष्ठ मिले बस यही दुआ है। आपने आपना काम कर दिया है। आप हकदार हैं कि अब आप जीवन का लुत्फ ले सको। शानदार दोस्त। जीवन अब शुरू हुआ है।”
35 वर्ष के विलियमसन ने न्यूजीलैंड के लिए विभिन्न प्रारूपों में 19346 रन बनाए हैं जिनमें टेस्ट क्रिकेट में 33 शतक और छह दोहरे शतक समेत 9500 से अधिक रन हैं। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने कहा कि हमारे महानतम खिलाड़ियों में से एक विदा हो रहा है। केन विलियमसन ने त्वरित प्रभाव से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का फैसला किया है। विलियमसन इस समय इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज खेल रहे हैं जिसमें न्यूजीलैंड पहला मैच 115 रन से हार गई थी।

