डीघ ब्लॉक के कूड़ीकला गांव में 65 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक केंद्र (बारात भवन) का निर्माण कराया जाएगा। रविवार की देर शाम ज्ञानपुर विधायक विपुल दुबे ने भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ कराया।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक विकास के लिए संचालित एकीकृत विकास योजना के अंतर्गत बनने वाले सामुदायिक केंद्र से गांव में सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं सार्वजनिक आयोजनों को संपन्न कराने में सुविधा मिलेगी।
बताया कि केंद्र को पेयजल इंटरलॉकिंग, विद्युतीकरण एवं सुंदरीकरण आदि कार्यों को अलग से कराया जाएगा। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है।
सामुदायिक केंद्र जैसे जन उपयोगी निर्माण कार्य सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ गांवों के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही उद्देश्य है।
कहा कि पिछली सरकार और जन प्रतिनिधियों के समय में केवल लूट की गई, आज विकास का पहिया धरातल पर दौड़ रहा है। इस मौके पर शैलेश पांडेय, विधानचंद दुबे, कमलाशंकर मिश्र, बृजेश पांडेय, शिवचंद शुक्ल, चंद्रप्रकाश त्रिपाठी, अभय पाण्डेय, पप्पू भारतीय, लालजी शुक्ल आदि थे।

