राजधानी के सबसे व्यस्तम चौराहों में शामिल पॉलीटेक्निक पर लगने वाले जाम से अब जल्द राहत मिलेगी। यहां एचएल के सामने से चौराहा पार करते हुए वेब सिनेमा तक 700 मीटर लंबा अंडरपास बनाया जाएगा। इसे बनाने में 90 करोड़ रुपये की लागत आएगी। पॉलिटेक्निक चौराहे पर अंडरपास बन जाने से लखनऊ ही नहीं बल्कि अयोध्या, गोरखपुर, बहराइच, गोंडा और बलरामपुर समेत कई जिलों के आने जाने वालों को जाम से राहत मिलेगी। इन जिलों के लोग लखनऊ आकर यहां इस चौराहे पर जाम में फंस जाते थे।
पॉलीटेक्निक चौराहा पर रोजाना 50 हजार से अधिक वाहनों की आवाजाही होती है। इसमें से एचएलएल की तरफ से ही 15 से 20 हजार वाहन अयोध्या रोड और गोमतीनगर की तरफ जाते हैं। पीक ऑवर में वाहनों की अधिकता के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। इस स्थिति को देखते हुए यहां अंडरपास बनाए जाने की मांग लंबे समय से की जाती रही। अब यहां अंडरपास बनने जा रहा है। इससे लोगों को सफर आसान हो जाएगा।
एचएएल से पॉलीटेक्निक चौराहा पार करते हुए वेब सिनेमा की तरफ अंडरपास से चौराहे पर गोमतीनगर की तरफ जाने वाले वाहनों का दबाव कम होगा। अयोध्या रोड जाने वाले वाहनों की स्थित यथावत रहेगी। ऐसे में चिकन नेक पर मुंशीपुलिया की तरफ से आने वाले वाहनों के कारण ट्रैफिक फंसने की आशंका बनी रहेगी। यदि अंडरपास के हिस्से की गुंजाइश अयोध्या रोड की तरफ भी रखी जाए तो ट्रैफिक फंसने की आशंका नहीं रहेगी।

