तमिलनाडु विधानसभा में भ्रष्टाचार की फाइलों को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने सीएम विजय पर तीखा हमला बोला है। उदयनिधि ने सीएम विजय को चुनौती दी कि वे पूर्व डीएमके सरकार से जुड़े कथित भ्रष्टाचार की फाइलों को सार्वजनिक करें और यदि कोई गलत काम का सबूत हो तो कार्रवाई करें।
दरअसल, तमिलनाडु विधानसभा में बहस के दौरान विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने सीएम विजय के उस पुराने बयान का जवाब दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह “उचित समय पर पूर्व डीएमके शासन के भ्रष्टाचार संबंधी फाइलों का खुलासा करेंगे”।
उदयनिधि ने सीएम विजय के दृष्टिकोण की आलोचना करते हुए कहा कि विधानसभा सिनेमाई बयानबाजी का स्थान नहीं है। असेंबली में सिनेमा की तरह पंच डायलॉग मत बोलो।
उदयनिधि ने निष्कर्षों को सार्वजनिक करने में हुई देरी पर सवाल उठाते हुए सुझाव दिया कि सरकार के पास अपने आरोपों का समर्थन करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं थे। “मैं उनसे आग्रह करता हूं कि वे फाइलों को तुरंत खोलें और भ्रष्टाचार के पुख्ता सबूत होने पर कार्रवाई करें। मुख्यमंत्री फाइलों को जारी करने में हिचकिचा क्यों रहे हैं? क्या वे अपने ज्योतिषी द्वारा तारीख तय करने का इंतजार कर रहे हैं?”
हालांकि, सीएम विजय ने सदन में उदयनिधि की टिप्पणियों का सीधे तौर पर जवाब नहीं दिया, लेकिन राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री ने सरकार का बचाव करने के लिए हस्तक्षेप किया। मंत्री ने कहा कि विजय पारदर्शिता के लिए प्रतिबद्ध हैं औरभ्रष्टाचार की फाइलों को उचित समय पर सार्वजनिक करेंगे।

