यूपी में छात्र-छात्राओं के हित में योगी सरकार ने महत्वपूर्ण फैसला लिया है। छात्रवृत्ति से वंचित रह गए छात्रों को सरकार एक और बड़ा मौका देने जा रही है। समाज कल्याण विभाग जल्द ही शैक्षिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत संचालित छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के छूटे हुए छात्रों के लिए पोर्टल दोबारा खोलेगा, ताकि वे पुनः आवेदन कर इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
इस योजना का लाभ सामान्य वर्ग, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) के साथ-साथ ट्रांसजेंडर समुदाय के विद्यार्थियों को भी मिलेगा। समाज कल्याण विभाग के अनुसार, पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में भी इसी तरह की पहल के तहत पोर्टल खोला गया था, जिसके माध्यम से 53,041 छात्रों को कुल 81.12 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति प्रदान की गई। इनमें अनुसूचित जाति के 25,395 छात्रों को 30.65 करोड़ रुपये तथा सामान्य वर्ग के 27,646 छात्रों को 50.47 करोड़ रुपये की सहायता दी गई।
समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हर जरूरतमंद छात्र तक शिक्षा का लाभ पहुंचे और कोई भी छात्र आर्थिक कारणों से अपनी पढ़ाई बीच में न छोड़े। योगी सरकार की यह पहल न केवल शिक्षा के क्षेत्र में समावेशी विकास को बढ़ावा देगी, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगी। इससे हजारों छात्रों को अपनी शिक्षा जारी रखने का अवसर मिलेगा और उनका भविष्य मजबूत होगा।
वहीं दूसरी ओर प्रतापगढ़ में छात्र-छात्राओं के बैंक खाते में छात्रवृत्ति की धनराशि प्रेषित की गई। अलग-अलग कक्षा के कुल एक लाख 26 हजार 165 छात्र छात्राओं के खाते में सोमवार को शासन से छात्रवृत्ति ट्रांसफर की गई। समाज कल्याण विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित छात्रवृत्ति वितरण समारोह का सजीव प्रसारण जिले के स्कूल कॉलेजों में कराया गया। वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक पूर्वदशम (कक्षा-9,10) के कुल 38666 छात्र/छात्राओं को 799.89 लाख रुपये की धनराशि वितरित की गई है। दशमोत्तर (कक्षा- 11,12) के कुल 35330 छात्र/छात्राओं को 870.32 लाख रुपये की धनराशि वितरित की गई है। दशमोत्तर (कक्षा-11,12 को छोड़कर) के कुल 52159 छात्र/छात्राओं को 5986.08 लाख रुपये वितरित किए गए।

