अलनीनो के असर की आशंकाओं के बीच यूपी में जुलाई खत्म होने से पहले सामान्य से दोगुनी बारिश हो चुकी है। जाते-जाते भी जुलाई के बादलों के जमकर बरसने के आसार हैं। 28-30 जुलाई की अवधि में मेरठ सहित वेस्ट यूपी में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार यूपी में जुलाई में सामान्य बारिश 226.4 मिमी है, लेकिन 24 जुलाई की शाम तक 457.8 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है। यह सामान्य से 102.2 फीसदी अधिक है।
आंकड़ों के हिसाब से जुलाई खत्म होने से पहले यूपी में सामान्य से 231.4 मिमी अधिक बारिश हुई है। शुक्रवार दोपहर को भी कुछ इलाकों में 11 मिमी बारिश हुई। शुक्रवार को यूपी में दिन-रात का तापमान 31.8 और 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। गुरुवार के सापेक्ष दिन में 1.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई जबकि रात में 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। इससे दिन का तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस कम जबकि रात का 0.3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज हुआ।
इस हफ्ते के शुरुआती दिनों में हुई झमाझम बारिश ने गर्मी और उमस से काफी राहत दिलाई थी मौसम खुशगवार हो गया था, लेकिन, बुधवार से बारिश का सिलसिला खत्म होने के बाद बढ़ी गर्मी और उमस ने वीक एंड पर असहज मौसम के रहने का अंदेशा बढ़ा दिया है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, वीक एंड ही नहीं बल्कि, नए हफ्ते की शुरुआत भी काफी उमस भरी गर्मी के मौसम में होगी, लेकिन, मंगलवार से मौसम के करवट बदलने के आसार बन रहे हैं।
मानसूनी बादल मंगलवार से फिर अपनी आमद दर्ज करा सकते हैं। मौसम विभाग की तरफ से मंगलवार और बुधवार के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है जिसमें कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जाहिर की गई है।
कई जिलों में शुक्रवार को सुबह से ही बादल छाए रहे। वहीं दोपहर में बूंदाबादी के बाद बादल लौट गए और मौसम साफ हो गया। बारिश न होने से किसान मायूस नजर आए। धान की रोपाई प्रभावित हो गयी। जिन किसानों के पास पम्पसेट या सिंचाई की कोई सुविधा नहीं है। उन्हें धान की रोपाई रोकनी पड़ी। कई जिलों में मानसून के सक्रिय होने के बावजूद बीते दो दिनों से बेहतर बारिश नहीं हो रही है। गुरुवार और शुक्रवार को बूंदाबांदी के बाद मौसम साफ हो गया। हालांकि आसमान में पूरे दिन बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। बारिश न होने से उमस भी बढ़ गयी है। इससे लोगों को काफी दिक्कत हो रही है।

