रविवार रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश के चलते प्रयागराज रामबाग रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक, दो और तीन के ट्रैक पूरी तरह जलमग्न हो गए, जिसके चलते ट्रेनों का संचालन बाधित रहा। सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने ऐन वक्त पर प्लेटफॉर्म नंबर एक से चलने वाली ट्रेनों को प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर शिफ्ट कर संचालित कराया। आज मंगलवार को भी रेलवे ट्रैक पर पानी भरा है।
रविवार रात भर हुई भारी बारिश के बाद सुबह ट्रैक पर पानी जमा होने से इन लाइनों पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई। हालांकि, तड़के 5:30 बजे बनारस जाने वाली पैसेंजर ट्रेन अपने निर्धारित प्लेटफार्म नंबर एक से ही रवाना हुई, क्योंकि उसका रैक रात में ही लगा दिया गया था। इसके बाद पटरियों पर पानी भरने से बाकी ट्रेनों के प्लेटफार्म बदले गए। गाड़ी संख्या 12334 विभूति एक्सप्रेस को प्लेटफार्म नंबर एक के बजाय पांच से रवाना किया गया। इसी तरह बनारस-प्रयागराज मेमू (65114/65113) समेत अन्य सुबह की पैसेंजर ट्रेनों का संचालन भी प्लेटफार्म पांच से ही किया गया।
ट्रैक पर जलभराव के चलते बलिया से रामबाग आने वाली पैसेंजर ट्रेन को झूंसी स्टेशन पर ही शार्ट टर्मिनेट कर दिया गया। रामबाग के प्लेटफार्म नंबर पांच पर विभूति एक्सप्रेस के खड़े होने और बाकी मुख्य लाइनों में पानी भरे होने के कारण इस ट्रेन को आगे नहीं लाया जा सका। इससे दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन परिसर में लगातार लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट कराया जाता रहा, ताकि यात्री समय रहते प्लेटफार्म नंबर पांच पर पहुंच सकें। अचानक प्लेटफार्म बदले जाने से यात्रियों को सामान लेकर एक से दूसरे प्लेटफार्म तक जाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। स्टेशन अधीक्षक अखिलेश श्रीवास्तव ने बताया कि यार्ड में पानी भर जाने के कारण ट्रेनों का प्लेटफार्म बदला गया है।