मौसम में अगले एक सप्ताह तक तेजी से बदलाव होने के आसार हैं। सुबह घना कोहरा छाने का अनुमान है तो दिन में तेज हवाएं ठंड बढ़ा सकती हैं। तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन रात में गलन हो सकती है। बुधवार की सुबह कई इलाकों में कोहरा छाया रहा। हालांकि सुबह करीब 9 बजे से मौसम साफ होने लगा और धूप निकली।
धूप के चलते दिन के तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ा। हालांकि धूप के बीच कई बार बादल भी नजर आए। अधिकतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि दो दिन बाद दिन में तेज हवाएं चलेंगी जिससे ठंड का अहसास बढ़ सकता है। रात में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा।
आने वाले दिनों में आसमान खुलेगा और दोपहर में धूप भी निकलेगी। लेकिन इससे तापमान में तेजी से बढ़ोत्तरी नहीं होगी। मौसम विभाग के मुताबिक10 फरवरी तक दिन का तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। जबकि रात का तापमान 10 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
अभी सर्दी का सितम खत्म होने वाला नहीं है। पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी इलाकों में सर्द हवाओं से सर्दी बरकरार है। आगे भी मौसम का यही मिजाज रहेगा। गुरुवार से तेज सतही हवाएं सर्दी को और बढ़ा सकती हैं। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए तेज और सतही हवाओं का अलर्ट जारी किया है। यानि सुबह से शाम तक हवाएं सामान्य से अधिक तेज गति से चलेगी। इससे सर्दी में बढ़ोत्तरी होगी। सुबह घना कोहरा, दोपहर में धूप और फिर शाम को गलन। इसमें पश्चिमी विक्षोभ के बाद का असर दिखाई दे रहा है। कोहरा शनिवार तक बना रहेगा।

