बिहार के न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। सुबह और शाम के समय ठंड रहेगी। वहीं, प्रदेश के कई शहरों में कोहरा छाए रहने के भी आसार है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट का पूर्वानुमान है। प्रदेश में कई जगहों पर हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने के आसार हैं। हालांकि अधिकतम तापमान में बहुत बदलाव नहीं होगा। दिन में धूप खिलने से लोगों को राहत मिलेगी। रविवार को प्रदेश के ज्यादातर शहरों के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी और न्यूनतम में गिरावट आई।
बिहार का अधिकतम तापमान 22.5 से 28.9 और न्यूनतम तापमान 9.3 से 17.0 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। सबसे कम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस किशनगंज में और सबसे अधिक 28.9 डिग्री सेल्सियस कैमूर में दर्ज किया गया। सुबह के समय चार जिलों में एक-दो जगहों पर कोहरा छाया रहा। मोतिहारी में घना कोहरा रहा। इस कारण दृश्यता 150 मीटर रही।

